छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी
रायपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें रायपुर, बिलासपुर और उत्तर-मध्य क्षेत्र मुख्य रूप से प्रभावित रहेंगे।भारत मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 27 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।दक्षिण छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश के साथ-साथ तीव्र वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई है, जिसके लिए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्क रहने को कहा गया है। पिछले 24 घंटों में धरमजयगढ़, लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया जैसे इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश की वजह से रायगढ़ में स्थिति बिगड़ने पर केलो डैम के 4 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ अभी राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा एक ईस्ट-वेस्ट शियर जोन गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रहा है। इन दो मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से राज्य में लगातार नमी आ रही है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं। जिसकी वजह से अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सब-डिविजनल लेवल पर बारिश सामान्य रही, हालांकि यह सामान्य से लगभग 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 26.2°C बिलासपुर और पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21°C पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया है ।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा