खैराखांडी व्यपवर्तन योजना के लिए 22.49 करोड़ स्वीकृत, 565 हेक्टेयर क्षेत्र होगा सिंचित
रायपुर 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा आज साेमवार काे कोरिया जिला के विकासखण्ड खडगंवा अंतर्गत खैराखांडी व्यपवर्तन योजना के कार्यों हेतु 22 करोड़ 49 लाख रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के किसानों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। परियोजना के माध्यम से खरीफ सीजन में 400 हेक्टेयर तथा रबी सीजन में 165 हेक्टेयर, इस प्रकार कुल 565 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
राज्य शासन की इस पहल से क्षेत्र में कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय में भी सकारात्मक सुधार होने की अपेक्षा है। यह योजना जल संसाधनों के समुचित उपयोग तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल