छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश, गरज-चमक की चेतावनी
रायपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है। रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और बेमेतरा जैसे जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) की आशंका है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, खैरागढ़, धमतरी और बिलासपुर बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई है ।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की अक्षीय रेखा जम्मू-कश्मीर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक्टिव है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सिस्टम बना हुआ है। इन सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की एक्टिविटी जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के 14 जिलों में बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई है।
सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर जिले में हुई है। यहां 1551.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 71.1 फीसदी अधिक है। वहीं नारायणपुर में 1720.2 मिमी, गरियाबंद में 1462.1 मिमी, बालोद में 1311.8 मिमी, रायपुर में 1303.6 मिमी और धमतरी में 1301.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में भी इस सीजन बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर है। रायपुर में अब तक 1303.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 41.6 फीसदी अधिक है। गरियाबंद में सामान्य से 35.6 फीसदी, बालोद में 25.7 फीसदी और धमतरी में 22.2 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।इसके अलावा महासमुंद में सामान्य से 24.7 फीसदी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 35 फीसदी अधिक बारिश हुई है। दुर्ग जिले में अब तक 963.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 17.6 फीसदी ज्यादा है।
प्रदेश के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सामान्य से 20.3 फीसदी कम, बीजापुर में 19.1 फीसदी कम, जबकि सुकमा और बेमेतरा में 17.3 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। कांकेर में भी सामान्य से 16.9 फीसदी कम बारिश हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा