महासमुंद जिले से भीषण सड़क हादसे में 2 महिलाओं की मौत

 




रायपुर /महासमुंद, 14 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार सुबह (14 नवंबर 2026) राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे एंबुलेंस में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बागबाहरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बागबाहरा पुलिस ने बताया है कि यह दुर्घटना महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास NH-353 पर शनिवार सुबह हुई। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, एक मरीज को लेकर एंबुलेंस ओडिशा की ओर जा रही थी, तभी वह रास्ते में खड़े एक ट्रक से जोरदार तरीके से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक दोनों महिलाओं की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा