छत्तीसगढ़ में आईएफएस प्रशिक्षु अधिकारियों की प्रशिक्षण अवधि के लिए अस्थायी पदस्थापना

 


रायपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 2024 बैच के भारतीय वन सेवा के प्रोबेशनरी अधिकारियों की प्रशिक्षण अवधि के लिए अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में आज विभागीय आदेश जारी किया गया है।

विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 5 अधिकारियों को प्रदेश के अलग-अलग वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ फॉरेस्ट) के पद पर ट्रेनिंग के लिए तैनात किया गया है। शासन की ओर से कहा गया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। जारी आदेश के अनुसार, सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रदेश के अलग-अलग वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी के पद पर प्रशिक्षण के लिए तैनात किया गया है।

विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कुनाल मिश्रा को सरगुजा वनमंडल के अंबिकापुर, मृगजा जालिंदर यादव को कटघोरा वनमंडल, परख सारडा को सुकमा वनमंडल, प्रीति यादव को उत्तर नारायणपुर वनमंडल और यशस्वी मौर्य को राजनांदगांव वनमंडल में उप वनमंडलाधिकारी के रूप में प्रशिक्षण के लिए पदस्थ किया गया है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी किए गए। आदेश में कहा गया कि भारतीय वन सेवा के नवचयनित अधिकारियों को क्षेत्रीय अनुभव प्रदान करने और वन प्रशासन की व्यावहारिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण पदस्थापना की गई। इससे अधिकारियों को वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन तथा विभागीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा