मजबूत अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतियों से तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर, 1 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि, मजबूत अधोसंरचना, निवेशक हितैषी नीतियों और उद्योग अनुकूल वातावरण के कारण छत्तीसगढ़ देश के उभरते औद्योगिक राज्यों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। नई उद्योग नीति से निवेश को नई गति मिली है और प्रदेश में रोजगार व स्वरोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के लाभांडी स्थित एक निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योगों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय एक्सपो से स्थानीय व्यवसायियों को आधुनिक उपकरणों, नई डिजाइनों और बदलते बाजार की मांग के अनुरूप खुद को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और शासकीय आयोजनों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। यह क्षेत्र हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं के लिए भी स्वरोजगार का माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि लखपति दीदी अभियान के तहत कई महिला स्व-सहायता समूह टेंट व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सड़क, रेल और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है, जिससे उद्योग और व्यापार को नई गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है, वहीं नई रेल परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ सहित देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर