सूरजपुर में सुशासन तिहार 2026 एक मई से

 

सूरजपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए प्रशासन ने इस वर्ष भी सुशासन तिहार 2026 का व्यापक खाका तैयार कर लिया है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर अभियान के तहत 22 से 29 अप्रैल तक ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन लिए जाएंगे, जिसके बाद 1 मई से 10 जून तक ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के प्रथम चरण में राजस्व अधिकारियों सहित संबंधित विभागों को गांव-गांव पहुंचकर आमजन से आवेदन लेने और लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। 15 से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान में राजस्व मामलों, मनरेगा भुगतान, हितग्राही योजनाएं, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली, हैंडपंप सहित अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाएगा।

दूसरे चरण में 1 मई से 10 जून तक क्लस्टरवार शिविर लगाकर प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

अभियान के सफल संचालन के लिए क्लस्टरवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां, आपसी समन्वय और नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।

सेक्टर स्तर पर खोपा, बड़सरा, चंद्रमेढ़ा, सुंदरपुर, उमापुर, बरबसपुर, उमेशपुर, सेंदुरी, कांटारोली, बकालो, कोटेंया, मोहरसोप, छतरंग, पकनी, टमकी, कुदरगढ़, खड़गवाकला, रेवटी, चंदोरी, टुकुडांड सत्तीपारा, कनकपुर, पर्री, महेशपुर, पाठकपुर और डेंडरी सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।

प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि नागरिकों की शिकायतों, मांगों और समस्याओं का निराकरण तेज, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से हो, ताकि सुशासन का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय