बस्तर में सीजी सेट परीक्षा चार अक्टूबर को, 49 केंद्रों पर बैठेंगे 9,777 अभ्यर्थी
जगदलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा का आयोजन रविवार 04 अक्टूबर को किया जा रहा है। बस्तर जिले में इस परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अपनी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलेभर में कुल 49 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां दोनों पालियों में कुल मिलाकर 9,777 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
यह परीक्षा दो अलग-अलग पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली का समय पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक रहेगा, जबकि द्वितीय पाली का आयोजन अपराह्न 2 बजे से शाम 4.15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश तय किए हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से न्यूनतम दो घंटे पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर के जरिए प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन सुरक्षा जांच पूरी की जा सके। इसके पश्चात वीक्षकों द्वारा इंटरनेट से प्राप्त मूल व स्पष्ट प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र का मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो उन्हें अपने साथ दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
परीक्षा केंद्र के भीतर अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त ड्रेस कोड और प्रतिबंध लागू किए गए हैं। परीक्षार्थियों को केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े तथा पैरों में चप्पल पहनकर ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इसके साथ ही जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी, पर्स, चश्मा, टोपी, स्कार्फ, मोबाइल फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा हाथ में कड़ा या धागे बांधने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। महिला परीक्षार्थियों के लिए कान में बाली, झुमका अथवा किसी भी किस्म के आभूषण पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
समूची परीक्षा प्रक्रिया के सफल एवं सुगम क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन ने नोडल और समन्वयक टीम की जिम्मेदारी भी सौंप दी है। इसमें डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल मो. 78793-50380 को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, धरमपुरा-2 के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव मो. 98274-91253 समन्वयक और इसी महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर मो. 70009-74126 सहायक समन्वयक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और समय से पूर्व केंद्र पहुंचकर सुचारू व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे