कोरबा : बेलाकछार जंगल में दो युवकों के शव पेड़ पर लटके मिले, इलाके में सनसनी

 

कोरबा, 02 अप्रैल (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल से आज गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो युवकों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटके हुए मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (पिता– राजेंद्र कंवर) और अमित माथुर (पिता– दीपक माथुर) के रूप में हुई है।

बालकाें थाना से मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोग जब आज सुबह बेलाकछार जंगल की ओर गए, तो उन्होंने एक पेड़ पर दोनों युवकों के शव लटके हुए देखा। यह दृश्य देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी एंगल से जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

इस घटना के बाद से बेलाकछार और आसपास के क्षेत्रों में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी