कोंडागांव में बस ने कार को मारी टक्कर, कार चालक की हुई मौत, दो घायल

 


कोंडागांव, 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बनियागांव स्थित नीलगिरि प्लाट के पास जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की यात्री बस ने कोंडागांव से गीदम जा रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार दंपत्ति कोंडागांव से गीदम जा रहे थे। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसे के समय कार में चालक, एक महिला और उनका बेटा सवार थे। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक का शव कार में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में घायल महिला और उनके बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल कोंडागांव भेजा गया है। मृतक और घायल सभी कोंडागांव निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि जिले में बसों की अनियंत्रित गति लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से बसों की गति पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को ही दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे