जगदलपुर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों का नया शेड्यूल जारी
जगदलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। बस्तर संभाग मुख्यालय के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से संचालित होने वाली उड़ानों का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से रविवार काे जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट बुधवार, शनिवार और रविवार को हैदराबाद से जगदलपुर पहुंचेगी। यह फ्लाइट दोपहर 3.55 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी और वापसी में 3.35 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होगी। वहीं सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को भी इंडिगो की एक अन्य उड़ान संचालित होगी, जो दोपहर 3.55 बजे जगदलपुर पहुंचेगी और 4.25 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगी।एलायंस इंडिया की फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को हैदराबाद से सुबह 9.10 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। यह फ्लाइट 9.35 बजे रायपुर के लिए रवाना होगी। वहीं दोपहर में रायपुर से लौटकर यही विमान 3.20 बजे जगदलपुर पहुंचकर 3.45 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगा। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर के अधिकारी विदेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस नए शेड्यूल से बस्तर क्षेत्र के यात्रियों को हैदराबाद और रायपुर जैसे प्रमुख शहरों में आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, साथ ही बड़े शहरों के लिए कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। जिसका इंतजार स्थानीय लोग लम्बे समय से कर रहे थे। व्यवसाय, शिक्षा और चिकित्सा के लिए यात्रा करने वाले लोगों को इससे काफी लाभ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे