रायपुर में हीटवेव का अलर्ट
रायपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। तापमान 41°C तक पहुंच गया है और मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 14 और 15 अप्रैल 2026 से गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में अधिकतम तापमान 42°C या उससे अधिक पहुंचने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा नेके अनुसार एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम विहार से मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। उत्तर पश्चिम से शुष्क और गर्म हवा आने के कारण प्रदेश में लगातार अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। मध्य भाग में 15 अप्रैल से लू जैसे स्थिति बनने की संभावना है
रविवार को सबसे ज्यादा गर्मी रायपुर में महसूस की गई। यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में भी 40 डिग्री का टार्चर लोगों को झेलना पड़ा. मध्य हिस्से में अगले कुछ दिनों में लू के हालात बनने के आसार हैं। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। रायपुर जिला अस्पताल सहित सभी केंद्रों में हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि नागरिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सीधी धूप में निकलने से बचें।पर्याप्त पानी पिएं और नींबू पानी, छाछ या ताजे फलों के रस का सेवन करें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें।
किसी भी आपात स्थिति या हीट स्ट्रोक के लक्षणों (जैसे तेज बुखार, बेहोशी या चक्कर आना) के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0771-3519250 या एम्बुलेंस सेवा 108 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है ।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा