छत्तीसगढ़ सरकार ने छह नए जिलों में खेल अधिकारियों के पदों को दी मंजूरी

 

रायपुर 06 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में खेल गतिविधियों के प्रभावी संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छह नए जिलों में खेल अधिकारी के पदों को मंजूरी दी है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मंत्रालय से 4 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सक्ती जिले में खेल अधिकारी के नए पद स्वीकृत किए गए हैं।

राज्य शासन के इस निर्णय से इन जिलों में खेल गतिविधियों के संचालन, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खेल योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी। साथ ही खेल प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल