शिक्षा सत्र आज से शुरू , किताबें पहुंचने में महीने भर का लगेगा समय
जगदलपुर, 16 जून (हि.स.)। न्ए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ आज से प्रदेशभर के स्कूल खुल गए हैं, लेकिन बस्तर जिले के अधिकांश विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों की कमी बड़ी चुनौती बन गई है। पहली से आठवीं कक्षा तक की किताबें अब तक जिले के अधिकांश संकुलों तक नहीं पहुंच पाई हैं, जिससे पढ़ाई की शुरुआत प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।बस्तर जिले में कुल 879 संकुल हैं, वहीं अब तक केवल 158 संकुलों तक किताबे पहुंच पाई है। यानि की जगदलपुर डिपो से अब तक केवल लगभग 18 प्रतिशत संकुलों में ही किताबों का वितरण हो सका है। इसका अर्थ है कि अधिकांश स्कूल अभी भी किताबों के इंतजार में हैं और छात्रों की पढ़ाई की तैयारी अधूरी बनी हुई है। ऐसे में पूरे 879 संकुल तक किताबें पहुंचने महीने भर का समय लग सकता है। छत्तीसगढ़ में पाठ्य पुस्तक निगम के कुल 6 डिपो हैं रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रायगढ़। इन्हीं डिपो से राज्य के सभी संकुलों और स्कूलों में सरकारी किताबों का वितरण किया जाता है। पाठ्यपुस्तक निगम के अनुसार डिपो से रोजाना गाड़ियां भेजी जा रही हैं, फिर भी वितरण की गति बेहद धीमी है। सभी स्कूलों तक किताबें पहुंचाने में समय लगेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे