होली पर्व को लेकर नगाड़ों की गूंज, बाजारों में बढ़ी रौनक

 




धमतरी, 01 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली की आहट के साथ ही शहर में नगाड़ों की थाप सुनाई देने लगी है। मुख्य बाजारों और चौक-चौराहों पर सजे नगाड़ों के स्टॉल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। फाग गीतों और होली के पारंपरिक उल्लास में नगाड़े की खास भूमिका होती है, यही कारण है कि हर वर्ष इनकी मांग बनी रहती है।

हालांकि इस बार नगाड़ों पर महंगाई की मार साफ नजर आ रही है। विक्रेताओं के अनुसार पहले जिले में ही नगाड़ों का निर्माण होता था, जिससे कीमतें अपेक्षाकृत कम रहती थीं। लेकिन बीते वर्ष से स्थानीय स्तर पर निर्माण लगभग बंद हो गया है। अब व्यापारियों को ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से नगाड़े मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे परिवहन खर्च बढ़ने के कारण दामों में वृद्धि हुई है।

विक्रेता सुखनंदन और कमलकांत ने बताया कि इस साल फुल साइज नगाड़ा की कीमत लगभग 2800 रुपये प्रति जोड़ी है। मीडियम साइज नगाड़ा 2000 से 2500 रुपये तक उपलब्ध है, जबकि छोटे नगाड़े 100 से 500 रुपये तक में मिल रहे हैं। बढ़ी कीमतों के कारण बड़े नगाड़ों की पूछताछ फिलहाल कम है, जिससे विक्रेता चिंतित हैं। उनका मानना है कि होली से एक दिन पूर्व बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि होली का पर्व इस वर्ष 4 मार्च को मनाया जाएगा। होलिका दहन को लेकर 3 मार्च को पड़ने वाले चंद्रग्रहण के कारण कुछ स्थानों पर असमंजस की स्थिति है। कहीं 2 मार्च तो कहीं तीन मार्च को होलिका दहन की तैयारी की जा रही है। हालांकि रंगों की होली पूरे जिले में 4 मार्च को ही उत्साह और उमंग के साथ मनाई जाएगी। परंपरा से जुड़े लोग आज भी नगाड़े के महत्व को समझते हैं। समूहों में फाग गीत गाते हुए नगाड़ों की थाप पर झूमना होली की पहचान है। महंगाई के बावजूद त्योहार का उत्साह कम नहीं हुआ हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा