गरियाबंद जिले को आज मिलेगी 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर, 17 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर और गरियाबंद के दौरे पर रहेंगे। वे गरियाबंद जिले को 600 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपये की लागत वाले कुल 75 विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे रायपुर से सूरजपुर के लिए रवाना होंगे। जहां नवनिर्वाचित अध्यक्ष, पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब एक बजे वे गरियाबंद के लिए प्रस्थान करेंगे। विधान सभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह की मौजूदगी में सीएम साय दोपहर करीब 3 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में विकास कार्य का शिलान्यास -लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री चार बजे नव निर्मित कचना धुरवा गोंडवाना भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं दर्रिपारा ग्राम में आयोजित आदिवासी समाज के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।वे नव निर्मित कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा