रोजगार मेला में 07 व 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री वितरित करेंगे 8,720 पदों पर नियुक्ति पत्र
जगदलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के शिक्षित और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में करियर संवारने का एक बड़ा अवसर है। रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आगामी 07 और 08 अक्टूबर को दो दिवसीय राज्य स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन के दूसरे दिन, यानी 08 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है, जहां वे चयनित अभ्यर्थियों को सीधे नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) वितरित करेंगे।
इस राज्य स्तरीय वृहद रोजगार मेले में बस्तर जिले के अधिकतम युवाओं को रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस हेतु उन्होंने जिले के सभी प्रतिष्ठित उद्योगों और व्यापारिक घरानों से सीधा संपर्क साधने का आह्वान किया है, ताकि वे बेहतर वेतनमान और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं वाले गुणवत्तापूर्ण पदों के साथ इस मेले में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।
बस्तर जिले के सभी कॉलेजों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के जरिए सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा योग्य अभ्यर्थी राज्य के ई-रोजगार पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीयन कराकर मेले में भाग ले सकें। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने यह भी निर्देशित किया है कि हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट कैंप्स या रोजगार मेलों के माध्यम से चयनित युवाओं को भी 08 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए, जिससे उन्हें मंच पर मुख्यमंत्री के करकमलों से औपचारिक रूप से ऑफर लेटर सौंपे जा सकें। प्रशासन का मानना है कि इन सुनियोजित प्रयासों से प्रदेश के हजारों युवाओं के रोजगार का सपना साकार होगा।
इस राज्य स्तरीय मेले के माध्यम से अब तक 36 अग्रणी औद्योगिक प्रतिष्ठानों और प्लेसमेंट एजेंसियों से कुल 8,720 रिक्तियां जुटाई जा चुकी हैं। मेले में भाग लेने वाले प्रमुख नियोक्ताओं में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्सदृसतलुज टेक्सटाइल्स, जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी, आईसेक्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, शांता टेक्नो, रजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन कंपनियों में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग के साथ-साथ सामान्य स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवाओं के लिए तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में करियर के ढेरों अवसर उपलब्ध रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे