(संशोधित) आठवीं अंग्रेजी परीक्षा में गड़बड़ी, छात्र-शिक्षक परेशान
धमतरी, 24 मार्च (हि.स.)। कक्षा पांचवीं और आठवीं की केंद्रीकृत परीक्षाओं के बीच मंगलवार 24 मार्च को आठवीं की अंग्रेजी परीक्षा में गंभीर अव्यवस्था सामने आई। जिले के कई स्कूलों में प्रश्नपत्रों के वितरण में गड़बड़ी के कारण छात्र और शिक्षक दोनों ही परेशान नजर आए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित थी, जिसमें हिंदी विशिष्ट के छात्रों को सामान्य अंग्रेजी तथा अंग्रेजी विशिष्ट के छात्रों को विशेष प्रश्नपत्र हल करना था। लेकिन जिला शिक्षा विभाग की ओर से प्रश्नपत्रों का वितरण सही तरीके से नहीं हो पाया। कई स्कूलों में हिंदी विशिष्ट के छात्रों को गलती से अंग्रेजी विशिष्ट का प्रश्नपत्र दे दिया गया, वहीं अंग्रेजी विशिष्ट के छात्रों को सामान्य अंग्रेजी का पेपर थमा दिया गया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ स्कूलों में सामान्य अंग्रेजी के प्रश्नपत्र पर्याप्त संख्या में पहुंचे ही नहीं। ऐसे में छात्रों को परीक्षा शुरू होने के बाद करीब एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बाद में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने के बाद सीमित संख्या में उपलब्ध प्रश्नपत्रों की फोटोकॉपी कराकर छात्रों में बांटी गई, तब जाकर परीक्षा प्रक्रिया शुरू हो सकी।
इस अव्यवस्था को लेकर पालकों में भी नाराजगी देखने को मिली। कृष्णा साहू, पंकज देवांगन और संतोष साहू ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन ने भी प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की बात कही।
वहीं इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी अभय कुमार जायसवाल ने कहा कि अंग्रेजी विषय के दो अलग-अलग सेट आए थे, जिनमें से एक अपेक्षाकृत कठिन था। उन्होंने बताया कि मूल्यांकन में प्रश्नपत्र के स्तर को ध्यान में रखा जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि आठवीं की अंग्रेजी परीक्षा दोबारा आयोजित नहीं की जाएगी।
बोर्ड की तर्ज पर संचालित हो रही परीक्षा
जिले में इस वर्ष पांचवीं और आठवीं कक्षा की परीक्षाएं पूरी तरह नए स्वरूप में आयोजित की जा रही हैं। शिक्षा विभाग ने इन परीक्षाओं को केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत बोर्ड की तर्ज पर संचालित करने का निर्णय लिया है, जिससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। इस नई व्यवस्था के तहत अब शासकीय विद्यालियों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन उनके स्वयं के स्कूल में न होकर अन्य संकुलों में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पांचवीं कक्षा की परीक्षा 16 मार्च से शुरू हुई है जो 25 मार्च तक चलेगी, जबकि आठवीं की परीक्षा 17. मार्च से प्रारंभ हुई है जो छह अप्रैल तक जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा