छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत उपचुनाव की घोषणा, एक जून को हाेगा मतदान

 


रायपुर 09 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य के नगरीय निकायों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन हेतु निर्वाचन कार्यक्रम शुक्रवार देर शाम काे जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया 11 मई 2026 से प्रारंभ होकर 04 जून 2026 तक संपन्न होगी।

राज्य निर्वाचन आयाेग के अनुसार नगरीय निकायों के अध्यक्ष के 05 पद तथा पार्षद के 77 पद सहित कुल 82 पदों एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 82 तथा पंच के 1136 पदों सहित कुल 1228 रिक्त पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।

नाम निर्देशन पत्र 11 मई से 18 मई 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 19 मई 2026 को होगी तथा अभ्यर्थी 21 मई 2026 तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 01 जून 2026 को होगा तथा परिणामों की घोषणा 04 जून 2026 को की जाएगी। पंचायत निर्वाचन में मतगणना मतदान दिवस 01 जून को ही संपन्न होगी, जबकि अंतिम सारणीकरण एवं परिणाम 04 जून को घोषित किए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही संबंधित नगरीय निकायों एवं पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। आयोग द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन संपन्न कराने हेतु व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

निर्वाचन में नगरीय निकायों के कुल 44,525 तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के 10,37,789 मतदाता भाग लेंगे। मतदान के लिए नगरीय निकायों हेतु 115 तथा पंचायत क्षेत्रों हेतु 937 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

नगरीय निकाय चुनाव दलीय आधार पर ईव्हीएम के माध्यम से तथा पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर मतपेटियों से कराए जाएंगे। नगरीय निकायों में मतदान प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा पंचायतों में प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक होगा।

आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं आदर्श आचार संहिता के पालन सुनिश्चित करने हेतु 05 व्यय प्रेक्षक तथा 33 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ निर्वाचन कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल