कोंडागांव में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

 


कोंडागांव /रायपुर, 09 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 5वीं बटालियन के एक जवान जोगेंद्र नेताम ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना कोंडागांव जिले के फरसगांव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र के सीएएफ शिविर में सोमवार को घटित हुई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज मंगलवार काे प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक जवान आरक्षक (कांस्टेबल) जोगेंद्र नेताम, जो बड़ेडोगर भैसाबेडा के रहने वाले थे। जवान घटना के वक्त कैंप में संतरी ड्यूटी पर तैनात था, तभी उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। गोली चलने की आवाज सुनकर जब साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उरंदाबेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ घायल जवान को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जवान जोगेंद्र नेताम को मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा तत्काल मर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद मृत जवान के परिजनों से मुलाकात की। शुरुआती जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जवान ने निजी कारणों के चलते मानसिक तनाव में आकर यह आत्मघाती कदम उठाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा