बालाेद में रेलवे ट्रैक पर मिली प्रेमी जोड़े की लाश, जांच में जुटी पुलिस

 


रायपुर / बालोद 06 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालाेद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में आज बुधवार सुबह एक प्रेमी जोड़े की लाश मिली है। मृतकों की पहचान 16 साल की नाबालिग छात्रा लिलिसा उइके, निवासी ग्राम साल्हे और 20 वर्षीय युवक जितेश्वर तारम, निवासी कुम्हालोरी के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेश्वर और लिलिशा के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार शाम से लड़की लापता थी। उसके परिजन डौंडी थाने पहुंचे थे और लापता होने की शिकायत की थी। इस बीच दल्लीराजहरा–अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास पैसेंजर ट्रेन क्रमांक 78823 के सामने दोनों जान दे दी। घटना के बाद लोको पायलट ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। वहीं, मौके से कुछ दूरी पर सीजी 07 एलयू 9886 नंबर की बाइक भी बरामद हुई है, जो मृतक युवक की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

इस मामले में डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। दूसरे पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल