छग विधानसभा का आज चौथा दिन, 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों से गूंजेगा सदन

 


रायपुर 16 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज गुरुवार काे चौथा दिन बेहद अहम रहने वाला है। प्रश्नकाल से लेकर विधायी कार्यवाही तक सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। आज सदन में कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए गए हैं, जबकि 8 विधायक अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे।

प्रश्नकाल में मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे।

आज की कार्यवाही में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक पारित किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम सदन में पेश करेंगे। वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा अग्निशमन एवं आपातकालीन (सेवा) संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए प्रस्तुत करेंगे।

सदन में राजनीतिक गर्मी उस समय और बढ़ सकती है, जब विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल सरकार का पक्ष रखेंगे।

इसके अलावा, वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में एक समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अशासकीय संकल्प सदन में रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल