नारायणपुर में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक में छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र पुलिस ने बनाई संयुक्त रणनीति

 


नारायणपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में जिले में समाप्त हाे चुके नक्सल गतिविधियाें के बावजूद लगातार चलाये जा रहे सर्चिंग अभियानों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नारायणपुर में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त अभियानों, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वित रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (नक्सल विरोधी अभियान) छत्तीसगढ़ विवेकानंद, महाराष्ट्र एडीजी स्पेशल ऑप्स डॉ. छेरिंग दोरजे, संयुक्त निदेशक इंटेलिजेंस ब्यूरो तथा नागपुर रेंज के विशेष पुलिस महानिरीक्षक संदीप पाटिल शामिल हुए।

नारायणपुर में आज साेमवार काे आयोजित बैठक में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राकेचा, नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश गुप्ता सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए संयुक्त नक्सल विरोधी अभियानों को और प्रभावी बनाने, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा दोनों राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी, समन्वित कार्रवाई और प्रभावी रणनीति के जरिए सर्चिंग अभियान तेज करने पर भी चर्चा की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल, निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन, पेशेवर कार्यशैली और उपलब्ध खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में यह भी दोहराया गया कि जनसहयोग और मजबूत खुफिया तंत्र के माध्यम से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। अंत में सभी अधिकारियों को तय कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अंतर्राज्यीय समन्वय बनाए रखने तथा संयुक्त प्रयासों से नक्सल विरोधी अभियानों को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे