सक्ती पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री साय, महिला कर्मा पार्टी की प्रस्तुति से हुआ भव्य स्वागत
सक्ती, 11 सितम्बर (हि. स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शुक्रवार काे जिला सक्ती के प्रवास पर पहुंचे। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी सक्ती पहुंचे। जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर सक्ती के जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में बनाए गए हेलीपेड पर पहुंचा। उनके आगमन पर स्थानीय स्तर पर पारंपरिक और सांस्कृतिक अंदाज में स्वागत किया गया। इस दौरान 50 सदस्यीय श्री सिद्धेश्वरनाथ महिला कर्मा पार्टी ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया। महिला कर्मा पार्टी की प्रस्तुति ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
हेलीपेड पर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर जयश्री जैन ने भी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत किया। वहीं, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर तथा जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित अन्य अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री के सक्ती प्रवास को लेकर स्थानीयस्तर पर विशेष उत्साह देखने को मिला। उनके साथ मुख्यमंत्री के पहुंचने से प्रशासनिक एवं राजनीतिक हलकों में भी कार्यक्रम को लेकर काफी सक्रियता रही। हेलीपेड पर स्वागत के बाद केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सक्ती प्रवास को कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे को लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्सुकता रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT