सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में जीपीएम जिले के पर्यटन वैभव की आकर्षक प्रस्तुति

 




विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष स्टॉल के माध्यम से जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन

रायपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर में रविवार काे आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के समृद्ध प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन वैभव को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। जिले की पर्यटन संभावनाओं को प्रदेश और देश के पर्यटन जगत के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजन में विशेष स्टॉल लगाया गया है।

विशेष स्टॉल के माध्यम से जिले के नैसर्गिक सौंदर्य, हरे-भरे वनांचल, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों, धार्मिक आस्था के केंद्रों तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजन में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, ट्रैवल ट्रेड से जुड़े लोगों तथा आगंतुकों को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और उनकी विशिष्टताओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जिले की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं से भी परिचित कराया जा रहा है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है। जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थलों के संरक्षण, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं के विकास के साथ उन्हें व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से जिले की विशिष्ट पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। जिले के पर्यटन स्थलों के विकास में स्थानीय समुदाय की सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा सकता है।

प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि जिले की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से पर्यटन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता और विशिष्ट पहचान को लंबे समय तक संरक्षित रखा जा सकता है।

पर्यटन ब्रांडिंग के लिए महत्वपूर्ण मंच

‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ में जीपीएम जिले की सहभागिता जिले की पर्यटन संपदा को प्रदेश एवं देश के पर्यटन क्षेत्र के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विशेष स्टॉल के माध्यम से जिले के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल स्थानीय पर्यटन को प्रोत्साहन देने और जिले को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आयोजन के माध्यम से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विविधता को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल