किसानों के 3742 क्विंटल धान गबन के आरोप में केंद्र प्रभारी गिरफ्तार, भेजा जेल
महासमुंद, 28 मई (हि.स.)। जिले में करोड़ों रुपये के धान घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। धान उपार्जन केंद्र बम्हनी में किसानों के 3742 क्विंटल धान के गबन मामले में पुलिस ने केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे जेल भेज दिया है। आरोपित पर करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये के धान घोटाले का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, 27 मई को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पिरदा शाखा के प्रबंधक उस्त कुमार प्रधान ने थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आर्थिक अपराधों और सरकारी संपत्ति के गबन पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला पुलिस लगातार जांच कर रही है। शिकायत में बताया गया है कि धान उपार्जन केंद्र बम्हनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी में 16 मई को प्रशासनिक जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान 3742 क्विंटल यानी 9355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया।
जांच में सामने आया कि समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर कुल एक करोड़ 16 लाख 200 रुपये का गबन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित और तत्कालीन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत (उम्र 37 वर्ष) निवासी ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल