बलरामपुर : जनगणना का पहला चरण पूरा, कलेक्टर ने जताया आभार
बलरामपुर, 31 मई (हि.स.)। जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य 30 मई को सफलतापूर्वक पूरा हो गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग के लिए जिलेवासियों का आभार जताया है।
एक मई से 30 मई तक प्रगणकों ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी एकत्रित की। इस दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों सहित 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की गई, जिसे भारत सरकार के सर्वर में सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियमावली 1990 के तहत पूरी तरह गोपनीय रहेगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।
जिले की 12 तहसीलों के 643 गांवों और 5 नगरीय निकायों में यह कार्य संपन्न हुआ। इसके लिए 1305 गणना ब्लॉक बनाए गए थे तथा 1496 अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें प्रगणक, पर्यवेक्षक, चार्ज अधिकारी और अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
प्रशासन के अनुसार जनगणना 2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। इसके लिए भी नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय