जनगणना ड्यूटी व अक्षय तृतीया के दिन प्रशिक्षण: शिक्षक संघ ने जताया विरोध

 


धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना कार्य में प्रधान पाठकों की ड्यूटी लगाए जाने और अक्षय तृतीया के दिन प्रशिक्षण आयोजित करने के विरोध में शालेय शिक्षक संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर जनगणना कार्य में असहयोग आंदोलन किया जाएगा। जनगणना ड्यूटी व अक्षय तृतीया के दिन प्रशिक्षण स्थगित करने की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने बुधवार को तहसील कार्यालय में ज्ञापन साैंपा।

शिक्षक संघ का कहना है कि शालाओं में पहले से ही पर्याप्त संख्या में अधीनस्थ शिक्षक पदस्थ हैं, इसके बावजूद संस्था प्रमुख और प्रधान पाठकों को जनगणना ड्यूटी में लगाया जाना उचित नहीं है। इससे न केवल उनके पदीय दायित्व प्रभावित होंगे, बल्कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। इसके अलावा 20 अप्रैल को पड़ने वाली अक्षय तृतीया के दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम रखे जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। संघ के अनुसार इस दिन पारंपरिक रूप से तर्पण कार्यक्रम पूरे दिन आयोजित होते हैं, ऐसे में प्रशिक्षण आयोजित करना शिक्षकों के लिए असुविधाजनक है।

इन्हीं मांगों को लेकर जिला व तहसील जनगणना अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। शालेय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश पाण्डेय ने बताया कि यदि जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संघ जनगणना कार्य में असहयोग आंदोलन शुरू करेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के प्रतिनिधि मंडल में रोहित साहू, राजेश यादव, मुकेश यादव, दिलीप सन्हरा, प्रवीण साहू, रेखराम साहू, मनोज देवदास सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा