अंबिकापुर में 'संडे ऑन साइकिल' रैली में उमड़ा जनसैलाब
अंबिकापुर, 07 जून (हि.स.)। विश्व साइकिल दिवस के विशेष अवसर पर सरगुजा जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में रविवार को शहर में 'संडे ऑन साइकिल' रैली का शानदार आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकली इस रैली में गजब का उत्साह देखने को मिला। स्कूली बच्चों और खिलाड़ियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों सहित 300 से अधिक साइकिलिस्ट सुबह-सुबह सड़कों पर पैडल मारते नजर आए।
इस भव्य साइकिल रैली को नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य शशिकांत जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने घड़ी चौक पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली घड़ी चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों महामाया चौक, गुरुनानक चौक, लरंगसाय चौक और गांधी चौक से होते हुए वापस घड़ी चौक पर आकर संपन्न हुई। रैली का आकर्षण तब और बढ़ गया जब कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने खुद भी साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस दौरान वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि साइकिलिंग न केवल पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में मददगार है, बल्कि यह शरीर को निरोग और चुस्त-दुरुस्त रखने का भी सबसे बेहतरीन माध्यम है।
इस आयोजन को सफल बनाने में शहर के प्रशासनिक अमले और प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के दौरान सड़कों पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात प्रभारी और उनकी टीम मुस्तैद रही, जिससे साइकिल चालकों को सुरक्षित मार्ग मिला। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश मिश्रा एवं सुनीता दास द्वारा किया गया, जबकि समापन पर सहायक संचालक (खेल एवं युवा कल्याण) रामकुमार सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर कृषि विभाग के उप संचालक पीतांबर दीवान, माई भारत के जिला युवा अधिकारी प्रिंस सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी विकास सिंह, आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंधक रमेश चंद्रा और जिला पंचायत की लेखा अधिकारी महामाया ओझा सहित पुलिस, स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह