मवेशी तस्करी में फरार 12वां आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे 12वें आरोपित को बलंगी पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद मुमताज उर्फ बब्बू (36), निवासी उमरहर, थाना जियावन, हाल मुकाम हर्रा बिरती, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सात पिकअप वाहनों में मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। इन वाहनों के आगे एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार क्रमांक सीजी 30 जी 5161 चल रही थी, जिसके जरिए तस्करों द्वारा रास्ते की रेकी किए जाने की सूचना थी।
सूचना के आधार पर बलंगी चौकी के सामने पुलिस ने वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान बताए गए हुलिए की ग्रैंड विटारा कार और उसके पीछे सात पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो दो पिकअप वाहनों को जोगयानी पंचायत भवन की कच्ची सड़क की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया गया, जबकि पांच अन्य वाहन भी पीछे की ओर मुड़कर फरार होने लगे।
पुलिस ने पीछा कर दो पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएफ 2498 और एमपी 53 जेडडी 3982 को घेराबंदी कर पकड़ा। हालांकि, दोनों वाहनों के चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, दोनों पिकअप वाहनों में सात-सात भैंस और भैंसी क्रूरतापूर्वक बांधकर भरी गई थीं। पुलिस ने वाहनों और मवेशियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया।
मामले में धारा 111(1), 111(2) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान जब्त वाहनों के संबंध में पूछताछ और अन्य आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब तक 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बलंगी चौकी पुलिस की टीम को सिंगरौली भेजा गया था। टीम ने 22 सितंबर को हर्रा बिरती स्थित उसके ठिकाने पर दबिश देकर मोहम्मद मुमताज उर्फ बब्बू को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने घटना में अपने पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 जी 2557 के इस्तेमाल की जानकारी दी। प्रकरण में उसकी भूमिका पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय