अतिक्रमण व अवैध पेड़ कटाई के मामले में 36 ग्रामीणों को जेल
धमतरी, 26 मई (हि.स.)। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण एवं अवैध पेड़ कटाई के मामले में 25 मई को जैतपुरी के 36 आरोपितों ने आत्मसमर्पण कर दिया। वन विभाग ने सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में चार लोगों को पहले से ही जेल भेजा जा चुका है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत ग्राम जैतपुरी क्षेत्र में करीब 15 सालों से बड़े पैमाने पर ग्रामीणों ने अवैध अतिक्रमण एवं पेड़ों की कटाई किया था। इस मामले में वन विभाग ने 166 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 25 मई को इस मामले के 36 आरोपितों ने वन विभाग के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके बाद आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अभी भी कईयों की गिरफ्तारी शेष है। उल्लेखनीय है कि इन आरोपितों की अग्रिम जमानत पूर्व में ही न्यायालय द्वारा निरस्त की जा चुकी है। जांच के दौरान आरोपितों द्वारा बड़े पैमाने पर वन भूमि पर कब्जा एवं पेड़ों की अवैध ढंग से कटाई किया जाना पाया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा