सुशासन तिहार में तीन साल से लंबित पीड़ित क्षतिपूर्ति का मामला सुलझा, परिवार को मिले चार लाख रुपये
बलरामपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने तीन वर्ष से लंबित पीड़ित क्षतिपूर्ति का मामला सुलझा दिया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के संज्ञान लेने और कलेक्टर से समन्वय स्थापित करने के बाद मृतक के परिजन के लिए चार लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत कर दी गई।
बलरामपुर पुलिस से आज रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, कोटडीह निवासी 19 वर्षीय संजय कुमार ने सुशासन तिहार-2026 के दौरान आवेदन देकर बताया था कि उनके पिता स्वर्गीय गोपी राम की 23 मार्च 2023 को पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा, मर्ग इंटीमेशन तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से अंतिम जांच प्रतिवेदन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए थे।
आवेदक ने इन दस्तावेजों के आधार पर राहत राशि प्राप्त करने के लिए तहसील कार्यालय राजपुर में आवेदन भी जमा किया था। इसके बावजूद करीब तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें पीड़ित क्षतिपूर्ति की राशि नहीं मिल सकी थी। इससे परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना कर रहा था।
सुशासन तिहार के माध्यम से जब यह आवेदन पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर मामले पर चर्चा की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए मृतक के परिजन के लिए चार लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत कराई।
राहत राशि स्वीकृत होने के बाद पीड़ित परिवार ने संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर तथा चौकी डवरा पुलिस का आभार जताया। परिवार ने कहा कि लंबे समय से लंबित मामले का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
जिला पुलिस का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जा रहा है। आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय