रुद्रारम एकलव्य विद्यालय के छात्राओं से दुर्व्यवहार का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा
बीजापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत अब मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित वातावरण से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में शिकायत की अनदेखी, उसे दबाने का प्रयास या कार्रवाई में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की भी जवाबदेही तय की जाए। अब जांच में बच्चों के बयान, पालकों की शिकायत, विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और पूर्व में शिकायतों पर हुई कार्रवाई समेत सभी पहलुओं की जांच होगी।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण के साथ ही प्रदेशभर के बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। सभी कलेक्टरों को इन संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने, अधीक्षकों और जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिसमें छात्राएं बिना भय और संकोच के अपनी बात रख सकें। बच्चों की शिकायतों को केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि नियमित निरीक्षण, सतत संवाद और प्रभावी निगरानी के माध्यम से समस्याओं की पहचान पहले ही की जाए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर पीड़ित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री साय ने दो टूक कहा है कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत दबाने या लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों की भी जवाबदेही तय होगी।
मामले में सात बच्चों के पालकों की ओर से शिकायत किए जाने और शिक्षक पर वर्ष 2024 से कथित रूप से अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हो चुकी है। जांच में यह भी स्पष्ट होना है कि शिकायतें पहले किस स्तर पर पहुंचीं, उन पर क्या कार्रवाई हुई और यदि कोई शिकायत मिली थी तो उसे समय पर उच्च अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंचाया गया।
सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि शिक्षक के खिलाफ बेड टच संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है, एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन और पुलिस दोनों स्तरों पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे