शिक्षा में निवेश ही समाज और देश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
धीवर समाज के प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में 85 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, नेशनल कराते खिलाड़ियों को मिला समाज गौरव सम्मान
धमतरी, 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ धीवर समाज महासभा द्वारा आयोजित छात्र-छात्राओं के कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा के बिना परिवार, समाज और राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में लगाया गया धन खर्च नहीं बल्कि सबसे बड़ा निवेश है, जिसका लाभ कई गुना होकर पूरे परिवार, समाज और देश को मिलता है। उन्होंने अभिभावकों से अन्य संपत्तियों में निवेश करने के बजाय बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
शुक्रवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि धीवर समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जो लोग विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर पहुंचे हैं, उन्हें एक मंच पर लाकर युवाओं को प्रेरित किया जाना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, एनआईटी और आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाना चाहिए, जिससे उनके भीतर बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा विकसित हो सके। कार्यक्रम में एसडीएम पीयूष तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हमेशा पहली बार में नहीं मिलती। यदि एक-दो बार असफलता मिले तो निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विषय चयन और कैरियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। इंजीनियरिंग क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों को गणित विषय एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में व्याख्याता एवं मास्टर ट्रेनर आलोक मत्स्यपाल ने मार्गदर्शन दिया। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को बायोलॉजी विषय और नीट परीक्षा की तैयारी के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वहीं बैंकिंग एवं सीए सेक्टर में रुचि रखने वाले छात्रों को कॉमर्स विषय की संभावनाओं से व्याख्याता ओमप्रकाश नाग ने अवगत कराया। मनोचिकित्सक डॉ. निधि वर्मा ने परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के प्रभावी उपाय बताए। इस अवसर पर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 85 छात्र-छात्राओं को पुस्तक, कॉपी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। नेशनल कराते खिलाड़ी अंजली फूटान, रिया फूटान और संतोषी मत्स्यपाल को प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कुमार धीवर, संरक्षक सेवकराम तारक एवं महासंरक्षक परमेश्वर फूटान द्वारा धीवर समाज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त कार्तिकराम हिरवानी का भी समाज की ओर से विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संरक्षक सेवकराम तारक, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कुमार धीवर, महासचिव डॉ. रामलाल पेंदरिया, अध्यक्षता कर रहे परमेश्वर फूटान, दिलीप कुमार नाग तथा दीपक धीवर ने भी संबोधित किया। समारोह में होरीलाल मत्स्यपाल, नर्मदाप्रसाद जगबेड़हा, सोनू नाग, ब्रम्हा नाग, राजू ओझा, निर्मल फूटान, राजू मीनपाल, भुवनलाल धीवर, धर्मेंद्र तारक, नारायण धीवर, मोहिनी तारक सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फिरोज हिरवानी, डॉ. ओमप्रकाश मत्स्यपाल, अजय मीनपाल, शेष नारायण कोसरिया, तीर्थराज मत्स्यपाल, उमेश नाग, शत्रुघ्न धीवर, ओमशंकर हिरवानी, यशवंत कोसरिया, गुड्डू हिरवानी, कृष्णा हिरवानी, करण हिरवानी, नीतेश हिरवानी, त्रिलोक मीनपाल, मोतीलाल धीवर, तेजप्रकाश रिगरी, ललित केशव सपहा, धीवर सोरिद, राजेंद्र नाग, कोमल सारवा, कीर्तन मीनपाल, राधेश्याम मीनपाल, खगेश्वरी लांजे, जनपद सदस्य संध्या हिरवानी, लक्ष्मी पेंदरिया, अंजू मटियारा, आशा धीवर, शीला धीवर, धृति हिरवानी और वेणुका हिरवानी सहित 300 से अधिक पालकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश नाग एवं सोहनलाल धीवर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विष्णु प्रसाद निषाद ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा