धमतरी जिला अस्पताल में कैंसर जांच शिविर आयोजित, पांच नए मरीज मिले

 


धमतरी, 07 मार्च (हि.स.)।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल के ओपीडी में सात मार्च को कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 52 मरीजों का स्क्रीनिंग किया गया। जिसमें दो स्तन, दो ओरल और एक प्रोस्टेट कैंसर सहित पांच नए मरीज मिले हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राष्ट्रीय गैर संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत बालको मेडिकल सेंटर नवा रायपुर एवं जगती फाउंडेशन के सहयोग से शनिवार को जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में एक दिवसीय कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। जिसमें कैंसर विशेषज्ञ डा शैलेंद्र देशमुख, मैनेजर मृदुल एमरोज, स्टाफ नर्स हर्षा एवं चमेली सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। कैंसर विशेषज्ञ डा देशमुख ने मरीजों का जांच कर उचित परामर्श दिया। वहीं जिन मरीजों में कैंसर के लक्षण दिखे उनका मेमोग्राफी, पैप स्मीयर, ओरल कैंसर के लिए ब्रश साइटोलाजी, सूक्ष्म सुई द्वारा कोशिका परीक्षण सहित अन्य जांच कर नमूना संकलित किया गया।

शिविर के दौरान सीएमएचओ डा यू एल कौशिक, डीपीएम डा प्रिया कंवर, पैथोलाजिस्ट डा आदित्य सिन्हा, डीपीसी डा श्रीकांत चंद्राकर ने मोबाइल मेमोग्राफी वेन में कैंसर मरीजों के जांच की प्रकिया के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान शिविर में कैंसर के पांच नए मरीज मिले हैं। इन मरीजों को बालको मेडिकल सेंटर रिफर किया गया है। जहां आयुष्मान कार्ड से इन मरीजों का उपचार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा