संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसे युवक की माैत, परिजनाें ने लगाया हत्या का आराेप
रायपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिन तक अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार देर शाम दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोपिताें की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सरस्वती नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी उसका स्कूल का दोस्त सोनू (18) शराब पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया था। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपिताें ने शाकिब और उसकी माेटरसाइकिल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी माेटरसाइकिल भी जलकर खाक हो गई।
घटना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे शाकिब को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सात दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार देर शाम उसकी मौत हो गई।
मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने घटनास्थल का समुचित निरीक्षण नहीं किया और मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी रही।
शाकिब की मौत के बाद आज साेमवार काे परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने पहुंचे और आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रिश्तेदारों से मिली जानकारी के आधार पर युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल