भीषण गर्मी में पशुओं को राहत: दोपहर 12 से तीन बजे तक बैलगाड़ी-टांगा संचालन पर रोक

 


धमतरी, 19 मई (हि.स.)। धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए पशुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने दोपहर के सबसे गर्म समय में पशुओं से भार एवं सवारी ढोने वाले साधनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

जारी आदेश के अनुसार जिले की सीमा में बैलगाड़ी, भैंसागाड़ी, टांगा, ऊँटगाड़ी, खच्चरगाड़ी, टट्टूगाड़ी और गधा गाड़ी जैसे पशु चालित वाहनों का संचालन अब दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नहीं किया जा सकेगा। यह आदेश 1 मई 2026 से प्रभावशील माना गया है और 30 जून 2026 तक लागू रहेगा।

कलेक्टर ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और लू के कारण पशुओं में निर्जलीकरण, अत्यधिक थकावट, गंभीर बीमारी और मृत्यु तक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में “परिवहन एवं कृषिक पशुओं पर क्रूरता निवारण” नियमों के तहत यह कदम पशुओं के संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। प्रशासन ने पशुपालकों और वाहन संचालकों से अपील की है कि वे पशुओं को पर्याप्त पानी, छायादार स्थान और उचित देखभाल उपलब्ध कराएं। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। गौरतलब है कि इन दिनों जिले में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन के साथ-साथ पशुओं पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। ऐसे में प्रशासन का यह निर्णय पशु संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा