नकटी से कलेक्टोरेट तक आज प्रभावित ग्रामीणों की पदयात्रा, 13 जुलाई से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह

 

रायपुर 12 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए हाल में की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रभावित ग्रामीणों द्वारा आज रविवार काे राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेंगे। मजदूर महासंघ की उपाध्यक्ष पार्वती साहू के नेतृत्व में ग्रामीण सुबह 11 बजे नकटी से कलेक्टोरेट तक पदयात्रा निकालेंगे। अंबेडकर चौक पहुंचने के बाद आंदोलन सत्याग्रह में बदल जाएगा।

पार्वती साहू ने घोषणा की है कि 13 जुलाई से वे कलेक्टोरेट चौक स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठेंगी। उनका कहना है कि गरीबों के आशियाने उजाड़े गए हैं, इसलिए सरकार उन्हें उसी स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त नए मकान उपलब्ध कराए।

आंदोलनकारियों ने प्रभावित परिवारों के मकान निर्माण के लिए लिए गए ऋण को माफ करने, उचित क्षतिपूर्ति देने तथा पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि नकटी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान अवैध थे, तो उनकी अनुमति देने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल