शासकीय बोलेरो और ट्रक की टक्कर में रेंजर की माैत, आठ गंभीर घायल
गरियाबंद, 22 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बुधवार शाम वन विभाग देवभोग की शासकीय बोलेरो और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) की मौत हो गई। वहीं वाहन चालक सहित कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना ध्रुवागुड़ी और बुढघेलटप्पा के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि वन विभाग के बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों, प्रशासनिक अमला और सुरक्षा बल के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को सबसे अधिक चोटें आई, जिसके कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अन्य 8 घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। वहीं मृतक रेंजर अश्विनी दास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना से वन विभाग और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल