तालाब में एक अज्ञात युवती का मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। अभनपुर थानांतर्गत लखना गांव में गुरुवार सुबह गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में उतराता हुआ मिला है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शव को सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग तालाब के आसपास एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि हत्या या किसी अन्य कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को बाहर निकालकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही युवती की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे गांव में घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल