कोरबा में तीन दिन से लापता सात साल की मासूम भव्या का मिला शव
कोरबा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के रजगामार क्षेत्र से तीन दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 7 वर्षीय मासूम भव्या जोशी का शव आज गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला है। बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल मासूम की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी करीब चार महीने पहले रोजगार की तलाश में अपने चार बच्चों के साथ कोरबा आए थे। वे रजगामार स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हुए परिवार के साथ रह रहे थे। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपनी 7 वर्षीय बेटी भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू सामान लाने भेजा था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक भव्या के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बालको थाना अंतर्गत रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू किया था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे। बच्ची का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी 20 अक्टूबर को रजगामार पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी और तलाश तेज करने के निर्देश दिए थे।
इसी बीच गुरुवार, 22 अक्टूबर को भव्या का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने की सूचना सामने आई। जिस बच्ची की तलाश में पिछले तीन दिनों से परिजन और पुलिस जुटे हुए थे, उसका शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्ची की मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसका शव पोल्ट्री फार्म के पीछे पहुंचा। इस मामले में हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की आशंका को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी