इंद्रप्रस्थ काॅलाेनी में आठवें माले पर फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर, 28 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेस-02 में आज गुरुवार काे एक युवक का शव एलआईजी सी-ब्लॉक के छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
इंद्रप्रस्थ फेस-02 के एलआईजी सी-ब्लॉक की छत पर आज लोगों ने एक युवक के शव को फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसके शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक कौन है इसका खुलासा नहीं हुआ है।
वहीं पुलिस ने जब मामले की जांच शुरु की तो घटना से पहले का एक सीसीटीवी वीडियो मिला, जिसमें युवक लिफ्ट से ऊपर जाते नजर आ रहा है। पुलिस का इस मामले में कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम चंद गावड़े ने बताया कि इंद्रपस्थ फेस 2 के आठवें माले पर अज्ञात लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तस्दीक के लिए मौके पर गई, जहां एक व्यक्ति जिसकी उम्र करीबन 32 से 35 वर्ष तक दिखाई पड़ रही है। एफएसएल की टीम को सूचना देकर जांच और मर्ग प्रक्रिया पूरी कराई गई है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। आस पास के इलाको में पतासाजी की जा रही है। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमें शांति की तलाश जैसी कुछ बात लिखी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर पूरे मामले की जाँच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल