30 घंटे तक चले अभियान के बाद नदी में डूबे दाेनाें छात्राें का शव बरामद

 


कांकेर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पखांजुर थाना क्षेत्र अंर्तगत महाराष्ट्र सीमा से लगे कारका नदी मे इरपनार गांव से पिकनिक मनाने निकले 09 छात्राें में से दाे छात्र कारका नदी में गुरूवार काे नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए। गहरे पानी में जाने से दोनों छात्र नदी में डूब गए। शुक्रवार काे एक छात्र अभिजीत विश्वास का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। वहीं 30 घंटे तक चलाये गये रेस्क्यू अभियान के दाैरान आज शनिवार काे गोताखोरों ने दूसरे छात्र साहिल बर्मन के शव काे भी बरामद कर लिया है।

मिली जानिारी के अनुसार घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों को सूचना दी गई, इसके साथ ही कांकेर की एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने मिलकर तलाश शुरू की। पानी गहरा होने के कारण तलाश में काफी परेशानी आई। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा। अभिजीत विश्वास का शव घटना के 19 घंटे बाद बरामद किया गया। अभिजीत विश्वास पखांजूर गोपालपुर का रहने वाला था। शाहिल वर्मन का शव 30 घंटे की मशक्कत के बाद बरामद हुआ। शाहिल पखांजूर विकासपल्ली का निवासी था। शव मिलने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम महाराष्ट्र के एटापल्ली में कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे