बीच बाजार मची अफरा-तफरी, फल-सब्जियां सड़क पर बिखरीं; मवेशियों का आतंक
धमतरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के इतवारी बाजार में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में भिड़ गए। बीच बाजार में दोनों सांडों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। सींग से सींग टकराने और सांडों के बेकाबू होकर दौड़ने से बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान पास में फल-सब्जी का पसरा लगाकर बैठी एक बुजुर्ग महिला को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
सांडों की लड़ाई में महिला का पसरा पूरी तरह तहस-नहस हो गया और फल-सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। इससे महिला को आर्थिक नुकसान हुआ है। इतना ही नहीं, सांडों की चपेट में आने से पास में खड़ी दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना नगर निगम कार्यालय के सामने इतवारी बाजार के पास की है। ऐसे में निगम कार्यालय के ठीक सामने बेसहारा मवेशियों के इस तरह बेखौफ घूमने और बाजार में उत्पात मचाने की घटना ने शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कई क्षेत्रों में बेसहारा मवेशियों के सड़कों और बाजारों में बैठे रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में इनकी मौजूदगी राहगीरों, दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों के लिए खतरा बनी हुई है।
गुरुवार की घटना में बुजुर्ग महिला की आजीविका को नुकसान पहुंचा और दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। यदि समय रहते बेसहारा मवेशियों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा ने कहा कि जल्द ही टीम गठित कर बेसहारा मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि निगम की यह पहल कितनी जल्द जमीन पर उतरती है और शहरवासियों को बेसहारा मवेशियों से होने वाली परेशानी से कब राहत मिलती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा