सिविल अस्पताल कुरूद में रक्तदान शिविर, 51 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

 


धमतरी, 26 अगस्त (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय कुरूद एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सिविल अस्पताल कुरुद में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए 51 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, ब्रह्माकुमारी संस्थान की क्षेत्रीय प्रभारी सुनीता दीदी, बीएमओ डॉ. हेमराज देवांगन तथा जीवन दीप समिति के सदस्य गोकुल राम साहू उपस्थित रहे। अतिथियों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन और प्रसव जैसी आपात परिस्थितियों में रक्त की जरूरत पड़ती है। रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं होने के कारण स्वैच्छिक रक्तदान ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है।

सुनीता दीदी ने कहा कि निःस्वार्थ भाव से किया गया रक्तदान मानव सेवा और परोपकार का श्रेष्ठ माध्यम है। इससे समाज में सेवा, सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। शिविर के सफल संचालन में सिविल अस्पताल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और ब्रह्माकुमारीज के स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी सेवा भावना का सम्मान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा