कोरबा :48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, जली हुई महिला की हुई पहचान

 


कटघोरा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, दूसरा फरार; शराब सेवन के बाद विवाद में हत्या का पुलिस का दावा

कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिली जली हुई महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने मृतिका की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी महिला के रूप में की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपित किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपित अजय कुमार धनवार फरार है। दोनों के खिलाफ थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को डुमरमुड़ा के पास एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के शीघ्र खुलासे तथा मृतिका की पहचान के लिए कटघोरा थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम को निर्देशित किया। वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर लगातार मौजूद रहकर जांच में जुटे रहे।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ थाना क्षेत्र के गुम इंसान मामलों की जानकारी जुटाई। मृतिका के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए गए। इसी दौरान जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद पुलिस ने महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों और घटना से जुड़े संदिग्धों की जानकारी जुटानी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाली शाम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ देखा गया था। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।

तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ किए जाने पर किरण कुमार पटेल ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे, जहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच कथित रूप से संबंध होने की बात सामने आई। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने के प्रयास को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने महिला के शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने किरण कुमार पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं दूसरा आरोपित अजय कुमार धनवार वर्तमान में फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि प्रकरण में भौतिक, परिस्थिति जन्य, तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन कर उनका विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में कटघोरा थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी