गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी शुरू, मालिक केटर्स के संचालक पर मामला दर्ज

 


धमतरी, 24 मार्च (हि.स.)। व्यावसायिक व घरेलू गैस सिलेंडर के लिए इन दिनों शहर व ग्रामीण उपभोक्ताओं में मारामारी मची हुई है। दूसरी ओर एक केटर्स के संचालक पर गैस सिलेंडरों का कालाबाजारी करने का आरोप है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण व जांच किया तो 17 सिलेंडर गायब मिला। गायब सिलेंडरों के संबंध में संचालक ने ठीक से जवाब नहीं दिया, तो अधिकारियों ने केटर्स संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर 23 सिलेंडर जब्त कर कार्रवाई की है, इससे अन्य कालाबाजारियों में दहशत है।

जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में 24 मार्च को खाद्य विभाग की टीम ने धमतरी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक दबिश दी। इस जांच अभियान का नेतृत्व सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव, निलेश चन्द्राकर और खाद्य निरीक्षक वैभव कोरटिया ने किया। जांच के दौरान शहर के शांति कालोनी स्थित मालिक केटर्स में बड़ी अनियमितता उजागर हुई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस प्रतिष्ठान के पास 40 नग व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का कनेक्शन दर्ज है। हालांकि मौके पर जांच करने पर केवल 23 खाली व्यावसायिक सिलेंडर ही पाए गए। शेष 17 सिलेंडरों के बारे में जब संचालक महेश कुमार रंगलानी से पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सिलेंडरों के इस बड़े अंतर को देखते हुए प्रशासन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की आशंका जताई है। इसके चलते संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर 23 नग इंडेन व्यावसायिक सिलेंडर जब्त कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ कुल 34 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा चुकी है, लापरवाही बरतने वालों के पास से अब तक 73 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों और संस्थानों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। व्यावसायिक व घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता संतोषप्रद नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ लोग जरूरतमंदों को महंगे दामों पर गैस सिलेंडर को बेच रहे हैं। इस तरह की कालाबाजारी कई जगहों पर किया जा रहा है। ऐसे कालाबाजारियों के खिलाफ खाद्य विभाग की टीम लगातार नजर रखकर कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा