भाजयुमो जिलाध्यक्ष व ग्रामीणाें ने सीसी सड़क बनाने की मांग काे लेकर किया हाइवे जाम, कांग्रेस ने कसा तंज

 




गरियाबंद, 02 जुलाई (हि.स.)। भाजयुमो जिला अध्यक्ष आज गुरुवार काे सैकड़ों ग्रामीणों के साथ अपने गृह ग्राम में सीसी सड़क बनाने की मांग काे लेकर हाइवे जाम कर दिया। वहीं समर्थन में पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने गांव का जायजा लेकर तंज कसते हुए कहा कि, जब भाजपा सरकार अपने नेताओं के गांव दुरुस्त नहीं करा पा रही, तो हमारा क्या होगा?

जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में पड़ने वाले मुड़ागांव में आज सैकड़ों महिला-पुरुष नेशनल हाइवे 130 सी को जाम कर दिया। हालांकि, पहले से भारी संख्या तैनात पुलिस ने भीड़ को ज्यादा देर तक हाइवे में टिकने नहीं दिया। पुलिस प्रदर्शन कारियों को हाइवे से एक घंटे के भीतर खदेड़ने में कामयाब हो गई।

दरअसल, मुड़ागांव के आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो साल से ग्रामीण सीसी सड़क की मांग करते आ रहे हैं। बारिश के दिनों में गांव कीचड़ से लथपथ हो जाता है। मेडिकल इमरजेंसी में एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव में नहीं घुस पाती, इतना ही नहीं पूरी बारिश स्कूली बच्चे भी परेशान होते हैं।

हैरानी की बात है कि यह गांव भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश का है। नागेश के नेतृत्व में ही ग्रामीण हाइवे जाम किया। नागेश ने प्रशाशन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए समस्याओं के निराकरण में अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है। नागेश ने कहा जितनी तत्परता से प्रशासन हमे हटाने पहुंची अगर उतनी तत्परता हमारी समस्या के निदान में लगा देती तो आज यह नौबत नहीं आती।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष को सड़क पर बैठे देख कांग्रेस भी सक्रिय हो गई। हमदर्दी दिखाने कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा प्रदर्शन स्थल पहुंचे, हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस ने भीड़ हटा दी थी। बेसरा ने मौका देखते ही भाजपा सरकार के विकास के दावे को ढकाेसला बता दिया। उन्होंने कहा कि सत्तासीन संगठन के लोगों को विकास कार्यों की मांग के लिए धरने पर बैठने की नौबत आ गई है, फिर यह कैसा विकास है।

तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि हाइवे से प्रदर्शनकारियों को हटाया गया है। रास्ता बहाल कर दिया गया है। उनसे मांग पत्र लिया गया, जिसे उच्च कार्यालय के माध्यम से प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल