कोरबा : भाजपा की मासिक बैठक में दिखा संगठन का दम, आगामी अभियानों के लिए बना रोडमैप

 


कोरबा, 11 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक जिला संगठन बैठक आज सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई।

बैठक में केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के पुष्पगुच्छ स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि, भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बनी है क्योंकि यहां कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को सरकार की जनकल्याणकारी यजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दायित्व निभाना होगा। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।

भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि, जिला भाजपा संगठन लगातार बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा आगामी संगठनात्मक अभियानों को पूरी ताकत के साथ सफल बनाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी