लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की जिलास्तरीय कार्यशाला

 


रायगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ के जिला कार्यालय में बुधवार काे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने तथा आगामी आंदोलनात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यशाला में संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और निर्धारित समय-सीमा में कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों ने अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और आगामी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर अपने विचार रखे।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनजागरूकता और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा अभियान के निर्धारित कार्यक्रमों को गंभीरता से लेते हुए जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी संगठनात्मक अभियान की सफलता के लिए योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मंडल स्तर से लेकर बूथस्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा सभी पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों की तैयारी समय रहते पूरी की जाए और प्रत्येक जिम्मेदार पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनसंपर्क और संगठनात्मक विस्तार से जोड़ते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान